प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत होम लोन सब्सिडी स्कीम का ऐसे उठायें फायदा


प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत होम लोन सब्सिडी स्कीम का ऐसे उठायें फायदा

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत कमजोर आय वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और लोअर इनकम ग्रुप (एलआईजी) को मिलने वाली क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी स्कीम (ब्याज सब्सिडी) का फायदा अगले 15 महीने तक उठाया जा सकता है. दरअसल सरकार ने इस स्कीम को 31 मार्च 2019 तक बढ़ा दिया है.
इस स्कीम के तहत पहला घर बनाने या खरीदने के लिए होम लोन पर ब्याज सब्सिडी का फायदा उठाया जा सकता है. होम लोन के ब्याज पर 2.60 लाख रुपए का फायदा कमजोर आय वर्ग के लोग उठा सकते हैं. पहले यह स्कीम दिसंबर 2017 में खत्म हो रही थी.
जिन लोगों की आमदनी तीन लाख रुपये सालाना से कम है वे ईडब्ल्यूएस में आते हैं. जबकि छह लाख रुपये सालाना तक कमाने वाले लोग एलआईजी में आते हैं. इन दोनों कैटेगरी में छह लाख रुपये तक के लोन पर 6.5 फीसदी तक ब्याज सब्सिडी का फायदा उठाया जा सकता है. 

मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सबके लिए घर-2022 के तहत सरकार ने CLSS शुरू की थी. बाद में इसे बढ़ाकर छह लाख से 12 लाख रुपये सालाना और 12 से 18 लाख रुपये सालाना तक की आमदनी वाले लोगों तक भी कर दिया गया था.
विशफिन के सीईओ ऋषि मेहरा ने कहा, '12 लाख रुपये तक की आमदनी वाले लोगों को एमआईजी-1 कैटेगरी में रखा गया था, जबकि इससे अधिक आमदनी वाले लोगों को एमआईजी-II कैटेगरी में रखा गया. पहली कैटेगरी वाले लोग 9 लाख रुपये तक के होम लोन पर ब्याज में चार फीसदी और दूसरी कैटेगरी वाले लोग 12 लाख रुपये तक के होम लोन पर तीन फीसदी ब्याज सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं. इस सीमा से अधिक लों लेने पर बाकी रकम पर ब्याज सामान्य दर से चुकाना पड़ेगा. हर तरह के लोन के मामले में अधिकतम समय-सीमा 20 साल हो सकती है.'
अब हर लाभार्थी सेगमेंट के मामले में सब्सिडी की कुल रकम को शुरू में ही मूलधन में से घटा दिया जाता है. मेहरा ने कहा, 'यह मत समझिये कि ब्याज सब्सिडी की रकम सामान्य और सब्सिडी वाले ब्याज दर के अंतर से आएगी. बदले में यह ब्याज सब्सिडी की रकम के नेट प्रेजेंट वैल्यू (एनपीवी) से आंकी जाती है. नेट प्रेजेंट वैल्यू की गणना 9% के डिस्काउंट रेट से की जाती है. सरकार द्वारा उपलब्ध कराइ जा रही सब्सिडी की रकम को लोन की कुल रकम में से घटाने के बाद बचे रकम पर सामान्य दर से ब्याज वसूला जाता है.'
ऐसे समझिए योजनाक्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी स्कीम (CLSS) में मध्यम आय वर्ग के ऐसे लोगों को जिनकी सालाना आय 6 लाख से 12 लाख रुपए के बीच है, उन्हें 9 लाख रुपए के 20 साल अवधि वाले होम लोन पर 4 फीसदी की ब्याज सब्सिडी मिलेगी. मसलन होम लोन पर ब्याज की दर 9 फीसदी है तो आपको इस योजना के तहत यह 5 फीसदी ही चुकानी होगी. 12 लाख से 18 लाख रुपये की सालाना आय वाले लोगों को 4 फीसदी की ब्याज सब्सिडी मिलेगी.
15 महीने बढ़ाया समय
आवास और शहरी विकास सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने कहा कि क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी स्कीम को 31 मार्च 2019 तक बढ़ा दिया है. साल 2022 तक हाउसिंग फॉर आल के लक्ष्य को पाने के लिए सरकार ने इस योजना का लाभ लेने की अवधि बढ़ाई है.
कहां से उठा सकते हैं फायदा बैंक, हाउसिंग फाइनेंस कंपनी, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, स्माल फाइनेंस बैंक और बहुत से संस्थान इस योजना का लाभ ग्राहकों को उपलब्ध करा रहे हैं. नेशनल हाउसिंग बैंक और हुडको भी इस योजना में शामिल हैं. 

Comments